रामनगर के रिसॉर्ट में हाई-प्रोफाइल कार्रवाई: कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 51 गिरफ्तार, एक किशोर संरक्षण में, रिसॉर्ट सील

टेन न्यूज़ !! ०८ जुलाई २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता, ब्यूरो, उधमसिंह नगर , उत्तराखंड।
उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के रामनगर में पुलिस ने एक बड़े अभियान के तहत कथित हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 51 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 10 महिलाओं, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, को बरामद करने का दावा किया है। मामले में प्रयुक्त रिसॉर्ट को सील कर दिया गया है।![]()
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद में असामाजिक तत्वों एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एसपी नैनीताल, एसपी हल्द्वानी, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ रामनगर, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), एसओजी तथा रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने 4 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर रामनगर स्थित एक बड़े रिसॉर्ट में छापेमारी की।
छापेमारी में क्या मिला
पुलिस के अनुसार, रिसॉर्ट में बाहरी राज्यों एवं विदेश से लाई गई 10 महिलाओं को पाया गया, जिनमें एक नाबालिग भी थी। मौके पर 52 लोग मौजूद थे। पुलिस का आरोप है कि वहां कथित रूप से अनैतिक देह व्यापार, शराब पार्टी, महिलाओं से अश्लील नृत्य कराने तथा अन्य आपत्तिजनक गतिविधियां चल रही थीं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 51 आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि एक 17 वर्षीय किशोर को किशोर न्याय अधिनियम के तहत संरक्षण में लिया गया।
आयोजक ने क्या बताया
पुलिस के अनुसार पूछताछ में मुख्य आरोपी उमेंद्र कुमार, निवासी मेरठ, ने बताया कि वह एक कीटनाशक (पेस्टिसाइड) कंपनी का संचालक है और कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
जांच में पुलिस ने दावा किया कि लगभग 10 दिन पहले रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर से संपर्क कर शराब, महिलाओं और तथाकथित “एक्स्ट्रा सर्विस” की व्यवस्था कराने को कहा गया था। इसके बाद 4 से 5 जुलाई तक के लिए करीब 2.20 लाख रुपये में रिसॉर्ट बुक कराया गया।
पुलिस का कहना है कि राहुल गुप्ता उर्फ सन्नी के माध्यम से प्रति महिला 10 हजार रुपये के हिसाब से व्यवस्था कराई गई। जांच में यह भी सामने आया कि रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर ने स्टाफ को निर्देश दिए थे कि पार्टी में आए लोगों और महिलाओं का कोई रिकॉर्ड आगंतुक रजिस्टर में दर्ज न किया जाए। पुलिस के अनुसार, साक्ष्य छिपाने के प्रयास और अवैध गतिविधियों के आरोपों के आधार पर रिसॉर्ट को सील कर दिया गया है। रिसॉर्ट का जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी मौके से फरार बताया गया है।
बरामद सामग्री
पुलिस के अनुसार मौके से बरामद सामग्री में शामिल हैं—
- शराब की 3 पेटियां
- बीयर की 1 पेटी
- ₹10 मूल्य के नोटों जैसी 24 गड्डियां (पुलिस के अनुसार भारतीय मुद्रा के सदृश)
- नोटों का एक पुलिंदा
- लैपटॉप व चार्जर
- कई मोबाइल फोन
- कार्यक्रम से संबंधित फोटो एवं चैट सामग्री
- म्यूजिक सिस्टम, एम्पलीफायर और साउंड उपकरण
- अन्य आपत्तिजनक सामग्री
किन धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने कोतवाली रामनगर में मुकदमा दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143, अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धाराएं 3, 5 और 6, पॉक्सो अधिनियम की धारा 14, आबकारी अधिनियम तथा किशोर न्याय अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
कई राज्यों और जिलों के लोग गिरफ्तार
गिरफ्तार लोगों में उत्तर प्रदेश के पीलीभीत (पूरनपुर), शाहजहांपुर (खुटार), सीतापुर, लखीमपुर खीरी, गोंडा, बाराबंकी, आजमगढ़, बिजनौर, औरैया, मेरठ, कानपुर देहात, सुल्तानपुर, देवरिया, बुलंदशहर, लखनऊ, अयोध्या, दिल्ली सहित विभिन्न क्षेत्रों के निवासी शामिल हैं।
विशेष रूप से शाहजहांपुर के खुटार निवासी गौरव कुमार, पूरनपुर (पीलीभीत) के कई लोग तथा अन्य जिलों के प्रतिभागियों की गिरफ्तारी चर्चा का विषय बनी हुई है।
पुलिस की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। फरार आरोपितों की तलाश जारी है और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से मिले डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कराई जा रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।