श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

टेन न्यूज़ !! ०९ जुलाई २०२६ !! रामचंद्र ब्यूरो
पीलीभीत। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और शांतिपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री नताशा गोयल एवं उपजिलाधिकारी अमरिया मयंक गोस्वामी ने नवीन बरेली–सितारगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांवड़ यात्रा मार्ग एवं संवेदनशील स्थलों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थाना अमरिया एवं थाना जहानाबाद क्षेत्र में सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। इसके बाद कार्यदायी संस्था राज कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, डायवर्जन, सड़क सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं आपातकालीन सेवाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य, सड़क मरम्मत, गड्ढों का भराव, आवश्यक संकेतक (साइनेज), रिफ्लेक्टर एवं अन्य सुरक्षा संबंधी कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं, ताकि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अधिकारियों ने पुलिस बल को कांवड़ यात्रा मार्ग के संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्त करने तथा प्रभावी यातायात संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।
रिपोर्ट: रामचंद्र सक्सेना, जिला ब्यूरो चीफ, पीलीभीत (टेन न्यूज़)