• Fri. Jul 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

वृक्षारोपण महाअभियान को जनआंदोलन बनाने के निर्देश, 100 प्रमुख स्थलों पर होंगे विशेष कार्यक्रम

ByTen News One Desk

Jul 9, 2026
23 Views

वृक्षारोपण महाअभियान को जनआंदोलन बनाने के निर्देश, 100 प्रमुख स्थलों पर होंगे विशेष कार्यक्रम


टेन न्यूज ii 09 जुलाई 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो

कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी वृक्षारोपण महाअभियान की तैयारियों, जनसहभागिता और विभिन्न विभागों की कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में कम से कम 100 प्रमुख स्थलों का चयन कर प्रत्येक स्थल के लिए नोडल अधिकारी नामित किए जाएं, ताकि वृक्षारोपण कार्यक्रम का प्रभावी संचालन एवं सतत अनुश्रवण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल सरकारी कार्यक्रम न रहकर जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण करे। इसके लिए आमजन, स्वयंसेवी संगठनों, विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं एवं जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृक्षारोपण अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा प्रतिदिन की गतिविधियों की जानकारी विभिन्न माध्यमों से लोगों तक पहुंचाई जाए, जिससे अधिक से अधिक नागरिक इस अभियान से जुड़ सकें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस पूरे अभियान में वन विभाग नोडल विभाग की भूमिका निभाएगा तथा अन्य सभी विभाग समन्वय स्थापित कर सहयोग करेंगे।

जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि अपनी-अपनी तहसीलों में ऐसे स्थानों का चयन करें, जहां एक साथ बड़ी संख्या में पौधरोपण किया जा सके तथा पौधों के संरक्षण की भी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित हो।

बैठक में जानकारी दी गई कि अभियान के अंतर्गत 15 अगस्त को “वंदे मातरम् वाटिका”, 28 अगस्त को “भाई-बहन वृक्षारोपण” तथा 5 सितम्बर 2026 को “एक पेड़ गुरु के नाम” कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके अलावा जनपद में महर्षि चरक औषधि वन (चियासर घाट), समरस वन (छात्रावास), समृद्धि वन (मधेपुर, उमर्दा), कपि वन (पनगवां, हसेरन, उडैतापुर एवं सौरिख), ऊर्जा वन (छिबरामऊ) तथा पौराणिक वन (उधालक ऋषि आश्रम) सहित विभिन्न स्थलों पर विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही लोहिया पार्क में आम भंडारा का भी आयोजन प्रस्तावित है।

बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विजय कुमार मिश्र, प्रभागीय वनाधिकारी हेमंत सेठ, उपजिलाधिकारी सदर, तिर्वा तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!