• Fri. Jul 10th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

गहमागहमी के बीच तिलहर नगर पालिका की बजट बैठक संपन्न, 45.70 करोड़ की आय का अनुमान

ByTen News One Desk

Jul 10, 2026
9 Views

गहमागहमी के बीच तिलहर नगर पालिका की बजट बैठक संपन्न, 45.70 करोड़ की आय का अनुमान


टेन न्यूज़ !! १० जुलाई २०२६ !! अमुक सक्सेना

तिलहर (शाहजहाँपुर)। नगर पालिका परिषद तिलहर की वर्ष 2026-27 की बजट बैठक गुरुवार को चेयरपर्सन हाजरा बेगम की अध्यक्षता में गहमागहमी और हल्की नोकझोंक के बीच संपन्न हुई। रिमझिम बारिश के बावजूद आयोजित बैठक में नगर विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। हालांकि पूर्व की बैठकों की तरह इस बार हंगामा, धरना और बहिष्कार की स्थिति नहीं बनी और बैठक शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 45 करोड़ 70 लाख रुपये की अनुमानित आय तथा 45 करोड़ 26 लाख रुपये के अनुमानित व्यय का बजट प्रस्तुत किया गया। साथ ही लगभग 44 लाख रुपये की बचत का अनुमान भी रखा गया। बोर्ड के समक्ष कम्युनिटी हॉल के किराए में वृद्धि का प्रस्ताव भी पेश किया गया।

बैठक के दौरान सभासद दिलीप सक्सेना ने नगर पालिका सीमा विस्तार का मुद्दा उठाते हुए शासन से शीघ्र स्वीकृति दिलाने की मांग की। उन्होंने पालिका द्वारा मशीनों एवं उपकरणों की खरीद में टेंडर प्रक्रिया की जांच कराने तथा पालिका की संपत्तियों पर हुए कथित अवैध कब्जों को हटाने की भी मांग की।

वहीं सभासद सुशील कुमार ने पालिका अध्यक्ष के आवास पर 15 कर्मचारियों की तैनाती का मुद्दा उठाते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के धन का दुरुपयोग हो रहा है, जबकि शहर में सफाई व्यवस्था प्रभावित है और कई स्थानों पर गंदगी की समस्या बनी हुई है।

बैठक में अन्य विकास कार्यों और प्रशासनिक विषयों पर भी चर्चा कर आवश्यक प्रस्तावों पर सहमति बनाई गई। इस दौरान अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार, कमल श्रीवास्तव, इस्लाम अली, सुशांत कुमार, प्रधान लिपिक अयूब अली सहित सभी सभासद उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!