तिलहर के सऊद अनवर खान ने रचा इतिहास, SSC JE परीक्षा में पूरे देश में हासिल की 22वीं रैंक

टेन न्यूज़ !! १० जुलाई २०२६ !! अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर
तिलहर का नाम किया रोशन,जनपद शाहजहांपुर के तिलहर निवासी सऊद अनवर खान, पुत्र अनवर उल्ला खान, ने कर्मचारी चयन आयोग (SSC) द्वारा आयोजित जूनियर इंजीनियर (JE) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। सऊद ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में अखिल भारतीय रैंक (AIR) 22 प्राप्त कर अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम का उत्कृष्ट परिचय दिया।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के आधार पर उनका चयन केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) में जूनियर इंजीनियर के पद पर हुआ है। यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे तिलहर और शाहजहांपुर जनपद के लिए गर्व का विषय है।
सऊद अनवर खान की इस उपलब्धि पर परिजनों, मित्रों, शिक्षकों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोगों का कहना है कि सऊद की मेहनत, लगन और अनुशासन युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
सऊद अनवर खान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के मार्गदर्शन, गुरुजनों के सहयोग और निरंतर मेहनत को दिया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर नियमित अध्ययन करने का संदेश भी दिया।