• Sun. Jul 12th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

BIG NEWS: मेहंदी घाट पुल से गंगा में गिरा मैदे की बोरियों से भरा ट्रक, दो घायल, एक लापता; रेस्क्यू अभियान जारी

ByTen News One Desk

Jul 12, 2026
7 Views

BIG NEWS: मेहंदी घाट पुल से गंगा में गिरा मैदे की बोरियों से भरा ट्रक, दो घायल, एक लापता; रेस्क्यू अभियान जारी


टेन न्यूज़ !! 12 जुलाई २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज | 

जनपद कन्नौज से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। हरदोई और कन्नौज को जोड़ने वाले मेहंदी घाट पुल पर रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मैदे की बोरियों से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पुल की लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे गंगा नदी में जा गिरा। हादसे के समय ट्रक में तीन लोग सवार थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा रविवार सुबह करीब चार बजे हुआ। ट्रक हरदोई से औरैया मैदे की बोरियां लेकर जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक को झपकी आने से ट्रक अनियंत्रित हो गया और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे गंगा नदी में समा गया।

हादसे की तेज आवाज सुनकर मेहंदी घाट चौकी प्रभारी महेश कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और गोताखोर भी घटनास्थल पर पहुंच गए। कुछ ही देर में पूरा ट्रक नदी में डूब गया।

स्थानीय गोताखोरों ने अपनी जान की परवाह किए बिना गंगा नदी में छलांग लगाई और कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक में सवार दो लोगों को गंभीर हालत में सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि हादसे के कई घंटे बाद भी तीसरे व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल सका है। उसकी तलाश के लिए पुलिस और गोताखोरों द्वारा रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

घायलों की पहचान श्रवण कुमार (36 वर्ष), पुत्र कृपा शंकर, निवासी गुरौली, बिलग्राम (हरदोई) तथा संगीत कुमार (44 वर्ष), पुत्र सुरेश चंद्र, निवासी सहार, थाना बेला (औरैया) के रूप में हुई है। दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज, तिर्वा रेफर कर दिया गया।

फिलहाल पुलिस प्रशासन लापता तीसरे व्यक्ति की तलाश में जुटा हुआ है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!