• Sun. Jul 12th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

SHAHJAHANPUR NEWS: वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने किया वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारम्भ

ByTen News One Desk

Jul 12, 2026
11 Views

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने किया वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारम्भ


वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हरिशंकरी पौधा लगाकर हुई शुरुआत


टेन न्यूज़ !! 12 जुलाई २०२६ !! डीपी सिंह@डेस्क न्यूज़, शाहजहाँपुर।

उत्तर प्रदेश सरकार के वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत विकास खण्ड भावलखेड़ा के सेना भूमि क्षेत्र-1 में रविवार को वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का भव्य शुभारम्भ हुआ। संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना तथा सांसद अरुण कुमार सागर ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हरिशंकरी पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान जनपद न्यायाधीश धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

52.55 लाख पौधरोपण का मिला लक्ष्य

प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. सचिन कुमार ने बताया कि वर्ष 2026 में शाहजहाँपुर को 52.55 लाख पौधरोपण का लक्ष्य मिला है। इसमें 6.21 लाख पौधे वन विभाग तथा 46.34 लाख पौधे अन्य विभागों द्वारा लगाए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल पर वन विभाग, जिला गंगा समिति और हरित सारथी संस्था द्वारा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका अतिथियों ने अवलोकन किया।

बढ़ते तापमान का सबसे प्रभावी समाधान है वृक्षारोपण

मुख्य अतिथि वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी और स्थायी उपाय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस वर्ष 40 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने सभी विभागों को पौधों की सुरक्षा, सिंचाई और नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं सांसद अरुण कुमार सागर ने कहा कि जनसहभागिता से ही वृक्षारोपण अभियान सफल होगा और शाहजहाँपुर लक्ष्य से अधिक पौधरोपण कर मिसाल कायम करेगा।

जनसहभागिता से पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। समापन अवसर पर अतिथियों को स्मृति-चिह्न के रूप में पौधे भेंट किए गए। कार्यक्रम में विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं, वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!