• Wed. Aug 5th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

खाद की दुकानों पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई अनियमितताएं पकड़ी

ByTen News One Desk

Aug 5, 2026
10 Views

खाद की दुकानों पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई अनियमितताएं पकड़ी


टेन न्यूज ii 05 अगस्त 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो

कन्नौज (उत्तर प्रदेश)।

जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग का निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में जिला कृषि अधिकारी संत लाल गुप्ता ने गुगरापुर क्षेत्र सहित विभिन्न उर्वरक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर कई अनियमितताएं पकड़ीं और संबंधित विक्रेताओं को नोटिस जारी किए।

निरीक्षण के दौरान मै. बाला जी खाद भंडार (तहसीपुर) पर मूल्य सूची (रेट बोर्ड) अपूर्ण मिली। इस पर विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। साथ ही दुकान पर उपलब्ध डीएपी उर्वरक का गुणवत्ता परीक्षण के लिए नमूना भी लिया गया।

वहीं मै. कटियार खाद भंडार (तहसीपुर) में उर्वरक विक्रय पंजिका में किसानों की फार्मर आईडी, खतौनी और मोबाइल नंबर दर्ज नहीं मिले। इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए संबंधित विक्रेता को नोटिस जारी कर अभिलेख तत्काल अद्यतन करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा मै. गायत्री खाद भंडार, सराय चौराहा, गुगरापुर से एनपीके उर्वरक का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिला कृषि अधिकारी संत लाल गुप्ता ने कहा कि किसानों को निर्धारित दरों पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कालाबाजारी, अधिक मूल्य वसूली या घटिया गुणवत्ता मिलने पर संबंधित उर्वरक विक्रेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने किसानों से अपील की कि उर्वरक खरीदते समय फार्मर आईडी, आधार कार्ड और खतौनी साथ लेकर जाएं, ताकि उनकी आवश्यकता के अनुसार निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराई जा सके।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में वर्तमान समय में उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। इसमें यूरिया 19,570.60 मीट्रिक टन, डीएपी 7,649.68 मीट्रिक टन, एनपीके 15,285.40 मीट्रिक टन, पोटाश 3,614.50 मीट्रिक टन तथा एसएसपी 6,264.94 मीट्रिक टन उपलब्ध है। उन्होंने किसानों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही निर्धारित मूल्य पर उर्वरक खरीदने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!