त्योहारों से पहले चीनी के दामों में उछाल, 70 रुपये किलो तक पहुंचने का दावा

टेन न्यूज़ !! २४ अगस्त २०२६ !! पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले चीनी के बढ़ते दामों ने आम लोगों और दुकानदारों की चिंता बढ़ा दी है। मीरानपुर कटरा सहित आसपास के बाजारों में चीनी की कीमतों में तेजी की चर्चा है। किसानों और स्थानीय लोगों का दावा है कि बाजार में चीनी 65 से 70 रुपये प्रति किलो तक बिक रही है। हालांकि, अलग-अलग दुकानों पर कीमतों में अंतर बताया जा रहा है।
चीनी के दाम बढ़ने का सीधा असर आम परिवारों की रसोई के बजट पर पड़ रहा है। आने वाले त्योहारों के दौरान मिठाई, चाय और अन्य खाद्य पदार्थों में चीनी की मांग बढ़ने की संभावना है। ऐसे में कीमतों में बढ़ोतरी से घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि थोक बाजार में कीमत बढ़ने के कारण खुदरा बाजार में भी इसका असर दिखाई दे रहा है। वहीं, ग्राहक कीमतों में जल्द राहत की उम्मीद लगाए हुए हैं।
महंगाई पर नियंत्रण के लिए सरकार ने 10 लाख टन कच्ची चीनी के टैक्स फ्री आयात को मंजूरी देने के साथ बड़े व्यापारियों के लिए चीनी का स्टॉक रखने की सीमा भी तय की है। अब उम्मीद है कि इन कदमों से बाजार में आपूर्ति बढ़ेगी और त्योहारों के दौरान चीनी के दामों में कुछ राहत मिल सकती है।