साहूपुर की पुलिया पर दो कारों की भिड़ंत, बाइक भी आई चपेट में, कई घायल![]()
टेन न्यूज ।। 11 अक्टूबर 2026 ।। ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। अछल्दा-बिधूना मार्ग पर साहूपुर की पुलिया के पास सड़क पर बने गड्ढे के कारण दो कारों की भिड़ंत हो गई। इसी दौरान बिधूना की ओर से आ रही एक बाइक भी दुर्घटना की चपेट में आ गई। हादसे में कई लोग घायल हो गए और दोनों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना पर पहुंची डायल 112 और रुरुगंज चौकी पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, खड़नी थाना क्षेत्र के बिकूपुर निवासी संदीप मौर्य अपनी टियागो कार (यूपी 16 सीए 9822) से बेटी को फफूंद में दवा दिलाकर घर लौट रहे थे। कार में पांच लोग सवार थे। संदीप के मुताबिक, साहूपुर की पुलिया पर बने गड्ढे के कारण उनकी कार अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही दूसरी कार से भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में सत्यभान के सिर में चोट आई।
वहीं, दूसरी कार (यूपी 32 आरके 2122) में उमरैन निवासी प्रियक मिश्रा सवार थे। टक्कर से उनकी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसी दौरान बिधूना की ओर से आ रही बाइक भी हादसे की चपेट में आ गई। बाइक सवार खरकपुर निवासी पीयूष और रेखा घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी बिधूना भेजा।
कोतवाली प्रभारी वीनेश कुमार ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है। मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।