• Tue. Aug 25th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

दुर्घटनाग्रस्त ब्रेजा कार से 10 किलो सोना बरामद, कीमत 15.39 करोड़

ByTen News One Desk

Aug 25, 2026
14 Views

दुर्घटनाग्रस्त ब्रेजा कार से 10 किलो सोना बरामद, कीमत 15.39 करोड़


टेन न्यूज़ !! २५ अगस्त २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो/जयपाल सिंह सेंगर

कन्नौज/तालग्राम । आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटनाग्रस्त ब्रेजा कार की तलाशी के दौरान तालग्राम पुलिस ने करीब 10.026 किलोग्राम 24 कैरेट सोना बरामद किया। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 15 करोड़ 39 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने कार सवार दो लोगों को पूछताछ के लिए पकड़ा है।

पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को थाना सकरावा पुलिस टीम कांवड़ ड्यूटी और चेकिंग के बाद लौट रही थी। इसी दौरान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर किलोमीटर संख्या 171.200 के पास ब्रेजा कार ने पुलिस की सरकारी गाड़ी में टक्कर मार दी। सूचना पर थाना तालग्राम पुलिस मौके पर पहुंची।

मौके पर दुर्घटनाग्रस्त ब्रेजा कार करीब सौ मीटर आगे खड़ी मिली। कार में मौजूद दो व्यक्तियों ने अपना नाम संदीप जायसवाल, निवासी महाराजगंज और सरोज पन्त, निवासी नेपाल बताया। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो एक बैग से पीली धातु के 10 बिस्किट बरामद हुए।

पुलिस ने दोनों से बरामद धातु से संबंधित बिल, लाइसेंस और अन्य वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन पुलिस के मुताबिक वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद एसबीआई के अधिकृत गोल्ड मूल्यांकनकर्ता को बुलाकर धातु की जांच कराई गई। जांच में सोना 24 कैरेट का पाया गया और इसका कुल वजन 10.026 किलोग्राम निकला।

भारी मात्रा में सोना बरामद होने के बाद जीएसटी टीम को भी मौके पर बुलाया गया। जीएसटी अधिकारियों ने दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की और दस्तावेजों की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, नेपाल निवासी व्यक्ति के सामने आने के बाद मामले में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की तस्करी की संभावना से भी इंकार नहीं किया गया।

इसके बाद कस्टम विभाग को सूचना दी गई। कस्टम टीम ने थाना तालग्राम पहुंचकर दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की और बरामद सोने को नियमानुसार अपने कब्जे में ले लिया। अब मामले की आगे की जांच और विधिक कार्रवाई कस्टम विभाग द्वारा की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक बरामदगी में 10 सोने के बिस्किट, 10.026 किलोग्राम सोना, ब्रेजा कार और तीन मोबाइल फोन शामिल हैं। मामले की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि सोना कहां से लाया गया था और इसे कहां ले जाया जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!