विधायक बना तो विकास और जनसेवा होगी प्राथमिकता: मुन्ना सिंह नवादा![]()
टेन न्यूज ।। 11 अक्टूबर 2026 ।। डीपी सिंह @ डेस्क न्यूज
शाहजहांपुर। पूर्व विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी एवं वर्तमान निर्दलीय नेता ठाकुर मुन्ना सिंह नवादा ने विधानसभा क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर अपनी प्राथमिकताएं घोषित की हैं। उन्होंने जनता की सेवा का संकल्प दोहराते हुए कहा कि क्षेत्र को विकास की नई दिशा देना उनका प्रमुख लक्ष्य है।
मुन्ना सिंह नवादा ने कहा कि यदि वह विधायक बनते हैं, तो परौर क्षेत्र को गढ़िया रंगीन और बुधुआना के रास्ते शाहजहांपुर तथा नवादा कोठी से जोड़ने के लिए गंगा नदी पर पुल निर्माण का प्रयास करेंगे। खुदागंज क्षेत्र को तिलहर तहसील से जोड़ने के लिए कसरक और कटरा ओवरब्रिज पर आवागमन संचालित कराने को भी प्राथमिकता देंगे।
उन्होंने किसानों को छुट्टा गौवंश की समस्या से राहत दिलाने, नलकूपों और मोटरों के लिए 18 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की दिशा में प्रयास करने का वादा किया। इसके साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में बारात घर का निर्माण और विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों में कीचड़ व गड्ढों से मुक्त सड़कों की व्यवस्था कराने की बात कही।
मुन्ना सिंह ने थानों में कथित भ्रष्टाचार और फर्जी मुकदमों से पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने के लिए भी संघर्ष करने का संकल्प जताया।
उन्होंने अपने अभियान का नारा “एक कदम बदलाव की ओर, वोट फॉर मुन्ना सिंह नवादा” देते हुए जनता से समर्थन की अपील की।