मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना से मत्स्य पालकों की आय बढ़ाने पर जोर, जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न

टेन न्यूज़ !! २५ अगस्त २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना की जिला स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों के सत्यापन, पात्र लाभार्थियों के चयन एवं अपात्र आवेदनों के निरस्तीकरण सहित योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश सरकार द्वारा तालाबों के पट्टाधारक मत्स्य पालकों के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान, मत्स्य उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत पट्टे के तालाबों में प्रथम वर्ष निवेश तथा मत्स्य बीज बैंक की स्थापना की उप योजनाएं संचालित हैं।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री हिमांशु यादव जानकारी दी गई कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में विभागीय पोर्टल के माध्यम से कुल 16 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 14 आवेदन प्रथम वर्ष निवेश तथा 02 आवेदन मत्स्य बीज बैंक स्थापना से संबंधित हैं। प्राप्त आवेदनों का स्थलीय एवं अभिलेखीय सत्यापन कराया जा चुका है। सभी पात्र आवेदकों का चयन समिति के समक्ष विभागीय पोर्टल पर रैंडमाइजेशन (व्यतिक्रमण) प्रक्रिया सम्पन्न कराई गई।
योजना के तहत अधिकतम 2 हेक्टेयर क्षेत्रफल तक ₹4 लाख प्रति हेक्टेयर इकाई लागत पर 40 प्रतिशत अनुदान अनुमन्य है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चयन प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं नियमानुसार हो तथा पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से योजना का लाभ मिले। उन्होंने मत्स्य पालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती एवं किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों को सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री राजेंद्र कुमार श्रीवास, उप कृषि निदेशक श्री संतोष कुमार सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।