सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए उठाए जाएं प्रभावी कदम: धर्मेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी![]()
जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के दृष्टिगत सुधारात्मक कार्रवाई समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित कराने का दिए निर्देश
जनपद में 29 अगस्त से लगातार अभियान चलाकर बिना हेलमेट वाहनों पर कार्रवाई की जाए: जिलाधिकारी
टेन न्यूज।। 25 अगस्त 2026 ।। डीपी सिंह @ डेस्क न्यूज
शाहजहांपुर । जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी एवं ठोस कदम उठाए जाने के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
जिलाधिकारी ने गत माह सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि 29 अगस्त से लगातार अभियान चलाकर बिना हेलमेट दो पहिया वाहनों की चेकिंग की जाए। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट वाले दो पहिया वाहनों का चालान किया जाए और चालान भरने के बाद ही छोड़ा जाए। साथ ही जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सड़कों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों से झाड़ियां की सफाई तथा साइन बोर्ड, ब्लैक स्पॉट एवं स्पीड लिमिट के संकेतकों को लगाया जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित कराने का निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी विभाग नियमित निरीक्षण करें तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन न करने वालों के विरूद्ध कठोरतम कार्यवाही करें। ओवरस्पीडिंग, नशे की हालत में वाहन चलाने, बिना हेलमेट एवं बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वित प्रयासों के माध्यम से सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार, जिला बेसिक शिक्षाअधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।
____