तिलहर में पुलिस को बड़ी कामयाबी, सहवेगपुर हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार![]()
टेन न्यूज़ ।। 28 अगस्त 2026 ।। अमुक सक्सेना
तिलहर (शाहजहांपुर)। थाना तिलहर क्षेत्र के चर्चित सहवेगपुर हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी सगे भाई हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए दो लाठी-डंडे भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 13 अगस्त 2026 को ग्राम सहवेगपुर निवासी सोनपाल ने थाना तिलहर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके भाई सुरेंद्र की गांव के ही लोगों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के बाद लाठी-डंडों और बांके से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। तहरीर के आधार पर थाना तिलहर में मु0अ0सं0 430/26 के तहत धारा 191(2), 191(3), 352, 351(3), 103(1), 3(5) बीएनएस में आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में पुलिस ने पूर्व में कार्रवाई करते हुए गोविन्द, वासुदेव और सुखदेव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं अन्य वांछित आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
इसी क्रम में 26 अगस्त की शाम मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना तिलहर पुलिस ने गर्रा पुल के पास से अमित पुत्र रामऔतार (22 वर्ष) और दिलीप कुमार पुत्र रामऔतार (20 वर्ष), निवासी ग्राम सहवेगपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लाठी-डंडे भी बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की तैयारी की। यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक प्रभाष चन्द्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सौरभ शुक्ला सहित थाना तिलहर पुलिस टीम ने की।
पुलिस की इस कार्रवाई से सहवेगपुर हत्याकांड में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। पुलिस शेष वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।