• Fri. Aug 28th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

जिलाधिकारी शाहजहांपुर ने स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश

ByTen News One Desk

Aug 28, 2026
3 Views

जिलाधिकारी शाहजहांपुर ने स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश


आयुष्मान कार्ड, जेएसवाई भुगतान और सीएम डैशबोर्ड के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश


टेन न्यूज़।। 28 अगस्त 2026 ।। डेस्क न्यूज, शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

 

बैठक में आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आयुष्मान गोल्डन कार्ड की सूची को अपडेट किया जाए। सूची में ऐसे व्यक्तियों, जो दूसरे स्थानों पर माइग्रेट कर चुके हैं अथवा जिनकी मृत्यु हो चुकी है, उन्हें नियमानुसार चिन्हित कर सूची से बाहर किया जाए तथा शेष पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रत्येक विकासखंड के लिए प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित कर उसकी नियमित समीक्षा की जाए। जिस विकासखंड द्वारा निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति नहीं की जाएगी, वहां संबंधित एमओआईसी की जवाबदेही तय करते हुए वेतन रोकने की कार्रवाई की जाए।

 

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 15 सितंबर को सभी सीएचओ की बैठक आयोजित कर उन्हें स्पष्ट लक्ष्य एवं कार्ययोजना उपलब्ध कराई जाए तथा आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य को शत-प्रतिशत पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को सरकार की स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिलाना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

 

सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग से संबंधित सभी पैरामीटर पर गंभीरता से कार्य किया जाए। जिन संकेतकों में प्रगति अपेक्षित स्तर से कम है, उनमें तत्काल सुधार करते हुए निर्धारित लक्ष्य को समय से पूरा किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित अनुश्रवण एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को किए जाने वाले सभी भुगतान प्रत्येक माह की अंतिम तिथि तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने वर्तमान लंबित भुगतानों को 31 अगस्त तक शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि लाभार्थियों को समय से भुगतान उपलब्ध कराना विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, इसलिए भुगतान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।

 

बैठक में मलेरिया एवं डेंगू की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में 01 जनवरी से अब तक मलेरिया के 182 मामले तथा डेंगू के 04 मामले रिपोर्ट किए गए हैं। जिलाधिकारी ने जिन क्षेत्रों में अपेक्षाकृत अधिक मामले सामने आए हैं, वहां विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसे क्षेत्रों में दो दिवस के भीतर साफ-सफाई, जलभराव की स्थिति समाप्त कराने तथा मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि मलेरिया एवं डेंगू की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी, साफ-सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव एवं जन-जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। स्वास्थ्य एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाएं।

 

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए कमियों को तत्काल दूर किया जाए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा विवेक कुमार मिश्रा अधिकारी, डीडीओ सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी एवं जिला स्वास्थ्य समिति से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!