युवक को जहरीले कीड़े ने काटा अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम![]()
टेन न्यूज़ ।। 28 अगस्त 2026 ।। ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया।* फफूँद थाना क्षेत्र के तर्रई गांव में बुधवार रात बरामदे में सो रहे युवक को किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे एंबुलेंस से 100 शैय्या अस्पताल चिचौली लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सैफई रेफर कर दिया। सैफई ले जाते समय रास्ते में ही युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
तर्रई निवासी 27 वर्षीय अवनीश कुमार खेती किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मां इंद्रेश कुमारी गांव में आशा कार्यकर्ता हैं। परिजनों के अनुसार, बुधवार रात खाना खाने के बाद अवनीश घर के बरामदे में तख्त पर सो रहा था। रात में सोते समय किसी जहरीले कीड़े ने उसे काट लिया। कुछ देर बाद हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सैफई रेफर कर दिया। सैफई ले जाते समय रास्ते में ही अवनीश ने दम तोड़ दिया। अवनीश के दो भाई अजय (30) और संजय (25) तथा दो बहनें हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि परिजनों ने जहरीले कीड़े के काटने की बात कही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।