तिलहर कोतवाली पहुंचीं छात्राएं, पुलिसकर्मियों को बांधी राखी![]()
टेन न्यूज ।। 28 अगस्त 2026 ।। अमुक सक्सेना
तिलहर, शाहजहांपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर तिलहर कोतवाली परिसर में भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। क्षेत्र की बड़ी संख्या में स्कूली छात्राओं और महिलाओं ने कोतवाली पहुंचकर पुलिसकर्मियों के साथ रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया।
इस दौरान छात्राओं और महिलाओं ने थाना प्रभारी सहित पुलिसकर्मियों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी कलाई पर राखी बांधी। बहनों ने पुलिसकर्मियों की दीर्घायु और सदैव सुरक्षित रहने की कामना की। राखी बंधवाने के बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने बहनों को रक्षा का वचन दिया।
पुलिसकर्मियों ने छात्राओं और महिलाओं को मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं तथा उपहार भेंट कर उनका सम्मान किया। इस दौरान कोतवाली परिसर में भाई-बहन के प्रेम और अपनत्व का भाव दिखाई दिया।
प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति का पवित्र त्योहार है, जो एक-दूसरे की रक्षा और सम्मान का संकल्प मजबूत करता है। पुलिस आमजन, विशेषकर महिलाओं और बहनों की सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर तिलहर कोतवाली का समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।