बड़ी खबर: हल्द्वानी में राहुल गांधी के खिलाफ FIR, SC/ST एक्ट में भी केस,जानिए किस शख्स ने कराइ FIR

टेन न्यूज़ !! 31 अगस्त २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो, उधमसिंह नगर
हल्द्वानी, उत्तराखंड। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ विवाद ने अब बड़ा कानूनी मोड़ ले लिया है। हल्द्वानी कोतवाली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ SC/ST एक्ट समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में FIR दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास से जुड़े अमित कुमार की शिकायत के आधार पर की गई है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि राहुल गांधी ने 29 अगस्त को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए कथित शुद्धिकरण को ‘छुआछूत’ से जोड़ते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायतकर्ता अमित कुमार ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के बयान से उनके समुदाय को सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में BNS की धारा 196, 299 और SC/ST एक्ट की धारा 3(1)(q) लगाए जाने की बात सामने आई है। इस पूरे मामले में सियासी ट्विस्ट भी देखने को मिल रहा है। अमित कुमार का नाम उसी हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसे लेकर कांग्रेस की ओर से कार्रवाई की मांग उठाई गई थी।
अब उसी विवाद को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ ही FIR दर्ज होने की बात सामने आई है। मामले में पुलिस जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। हल्द्वानी का शुद्धिकरण विवाद अब राजनीतिक बयानबाजी से निकलकर सीधे कानूनी लड़ाई में पहुंच गया है।