• Tue. Sep 1st, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिला कारागार का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था हेतु दिए कड़े निर्देश

ByTen News One Desk

Sep 1, 2026
3 Views

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिला कारागार का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था हेतु दिए कड़े निर्देश


टेन न्यूज ।। 01 सितम्बर 2026 ।। प्रभाष चन्द्र ब्यूरो कन्नौज

जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार ने आज जिला कारागार, कन्नौज का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की सुविधाओं, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सेवाओं का गहन जायजा लिया। अधिकारियों के अचानक पहुंचने पर कारागार प्रशासन में भी सक्रियता देखने को मिली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न बैरकों का भ्रमण कर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, भोजन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कारागार प्रशासन को निर्देशित किया कि निरुद्ध बंदियों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा परिसर में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।

जिलाधिकारी ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए कि किसी भी प्रतिबंधित अथवा आपत्तिजनक सामग्री का प्रवेश किसी भी दशा में न होने पाए। कारागार में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की नियमानुसार सघन जांच सुनिश्चित करने के साथ ही इंट्री रजिस्टर में प्रत्येक व्यक्ति का नाम, समय एवं आवश्यक विवरण अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। उन्होंने सुरक्षा जांच एवं निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि कारागार में आने वाले प्रत्येक नए बंदी का अनिवार्य रूप से चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाए, ताकि उसकी स्वास्थ्य स्थिति का समय से आकलन कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सके। जेल अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सीय सुविधाओं, दवाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि बंदियों को आवश्यकता के अनुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश दिए कि पहरा/निगरानी मीनार सहित सभी संवेदनशील सुरक्षा स्थलों पर निर्धारित कर्मियों की नियमित एवं प्रभावी तैनाती सुनिश्चित होनी चाहिए। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता पाए जाने पर उत्तरदायित्व निर्धारित करने की चेतावनी दी।

पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरुद्ध बंदियों की गतिविधियों पर सतत एवं सतर्क दृष्टि रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि, सुरक्षा संबंधी कमी अथवा अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कारागार की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!