शाहजहाँपुर में 7.14 करोड़ की लागत से 10 सड़कों का वित्तमंत्री ने किया शिलान्यास![]()
टेन न्यूज़ ।। 12 सितंबर 2026 ।। डीपी सिंह @ डेस्क न्यूज
शाहजहाँपुर। नगर निगम शाहजहाँपुर क्षेत्र में सड़क एवं जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से राज्य सेक्टर योजना के प्रथम चरण के अंतर्गत 7 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से 10 विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। महानगर क्षेत्र के विभिन्न स्थलों पर आयोजित कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना तथा महापौर अर्चना वर्मा ने विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
योजना के तहत चार हॉट मिक्स सड़कों के सुदृढ़ीकरण तथा छह सीसी सड़कों और नालियों के निर्माण कार्य कराए जाएंगे। प्रस्तावित कार्यों में सुभाष नगर में हेल्थ केयर हॉस्पिटल से केजीएनओ हाउस तक नाली एवं सीसी सड़क निर्माण, पंप हाउस से रेलवे सड़क तक नाली एवं सीसी सड़क निर्माण तथा सुभाष नगर तिराहे से स्मार्ट रोड और कनौजिया हॉस्पिटल तिराहे तक हॉट मिक्स सड़क का सुदृढ़ीकरण शामिल है।
इसके अलावा ईदगाह से ककरा कला, लोहारों वाले चौराहे से ककरा न्यू सिटी मार्ग तक हॉट मिक्स सड़कें बनाई जाएंगी। ककरा खुर्द, ककरा नगर निगम कार्यालय के सामने, अजीजगंज डैम रोड से नहर की पटरी तक तथा डैम रोड से ओवरहेड टैंक और बरेली मोड़ तक नाली एवं सीसी सड़क निर्माण के कार्य भी प्रस्तावित हैं।
इस अवसर पर मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद शहर में बेहतर सड़क सुविधा, सुगम आवागमन और जलनिकासी व्यवस्था उपलब्ध होगी। जलभराव जैसी समस्याओं से भी नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्रनाथ वाल्मीकि, पार्षदगण, नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।