कन्नौज में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न, दुर्घटनाओं में कमी लाने पर विशेष जोर

टेन न्यूज़ !! ०९ अक्टूबर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज
अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स, यातायात नियमों के अनुपालन तथा जन-जागरूकता कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग एवं एनएचएआई को चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर प्राथमिकता से सुधारात्मक कार्यवाही कराने तथा साइन बोर्ड, जेब्रा क्रॉसिंग, रिफ्लेक्टर एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने परिवहन एवं शिक्षा विभाग को विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नियमित सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों को हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा ओवरस्पीडिंग के खतरों के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया।
स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने शत-प्रतिशत फिटनेस, चालकों का मेडिकल परीक्षण तथा चालक-परिचालक का चरित्र सत्यापन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बिना परमिट एवं मानकों को पूरा न करने वाले स्कूली वाहनों के संचालन पर प्रभावी रोक लगाने को कहा।
बैठक में ई-डीएआर/आईआरएडी पोर्टल की समीक्षा में बताया गया कि 01 जनवरी 2026 से अब तक दर्ज 377 दुर्घटनाओं में 371 की फीडिंग पूर्ण हो चुकी है। शेष प्रकरणों की फीडिंग शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने ओवरलोडिंग, बिना लाइसेंस, बिना फिटनेस तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध पुलिस, एआरटीओ एवं संबंधित विभागों को संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।