महोबा एसपी शशांक सिंह का सख्त निर्देश, पुलिस वाहन हमेशा रहें तैयार; पुलिसकर्मियों के मामलों का हो समयबद्ध निस्तारण

साप्ताहिक परेड का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों की फिटनेस, अनुशासन और कार्यक्षमता पर दिया जोर
टेन न्यूज़ !! ०८ अक्टूबर २०२६ !! राहुल विश्वकर्मा ब्यूरो
महोबा। पुलिस अधीक्षक महोबा शशांक सिंह ने शुक्रवार को साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर पुलिस बल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की शारीरिक दक्षता, अनुशासन और कार्यक्षमता को परखा। साथ ही पुलिस वाहनों को हमेशा क्रियाशील रखने और पुलिसकर्मियों से संबंधित प्रकरणों का नियमानुसार निस्तारण करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
परेड निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल की विभिन्न टोलियों का अवलोकन किया। पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से चुस्त-दुरुस्त रखने और विषम परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य करने की क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से टोलीवार दौड़ और ड्रिल कराई गई।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को शारीरिक फिटनेस बनाए रखने, मानसिक रूप से मजबूत रहने तथा ड्यूटी के दौरान अनुशासन, समयबद्धता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने बेहतर पुलिसिंग के लिए कार्यक्षमता और तत्परता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
परिवहन शाखा का निरीक्षण, वाहनों के रखरखाव पर जोर
साप्ताहिक परेड के बाद पुलिस अधीक्षक ने परिवहन शाखा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस वाहनों की स्थिति और उनके रखरखाव का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी वाहनों की नियमित देखभाल की जाए और उन्हें हमेशा क्रियाशील एवं व्यवस्थित स्थिति में रखा जाए।
उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस वाहनों का तैयार रहना जरूरी है, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंच सके।
आदेश कक्ष में पुलिसकर्मियों के मामलों की समीक्षा
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने आदेश कक्ष में आयोजित ऑर्डरली रूम के दौरान अधीनस्थ पुलिसकर्मियों से संबंधित पत्रावलियों का अवलोकन किया। विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने आवश्यक आदेश दिए और संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पुलिस विभाग में अनुशासन, कार्यकुशलता और तत्परता बनाए रखने की अपेक्षा की। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों के उचित रखरखाव और जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने पर जोर दिया, ताकि जनपद में कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।