नेशनल हाईवे पर निराश्रित पशुओं का झुंड बना हादसे की वजह, दो घायल

टेन न्यूज़ !! १० अक्टूबर २०२६ !! मुनीश चन्द्र शर्मा
फतेहगंज पूर्वी/बरेली। नेशनल हाईवे पर अचानक सड़क पर आए निराश्रित पशुओं के झुंड की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। हादसा पांडेय बिल्डिंग मटेरियल के सामने हुआ। घायलों को उनका साथी उपचार के लिए अस्पताल लेकर गया।
जानकारी के अनुसार, बरेली के सुभाष नगर निवासी अजय कटरा से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे। उनके साथ बाइक पर एक साथी भी पीछे बैठा था। फतेहगंज पूर्वी में नेशनल हाईवे पर पांडेय बिल्डिंग मटेरियल के सामने अचानक निराश्रित पशुओं का झुंड सड़क पर आ गया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर पशुओं से टकरा गई। हादसे में अजय और उनके पीछे बैठे साथी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल अजय को उनके साथी उपचार के लिए अस्पताल ले गए।
निराश्रित पशुओं से हादसों का खतरा
नेशनल हाईवे और कस्बे के आसपास सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित पशु वाहन चालकों के लिए खतरा बने हुए हैं। अचानक पशुओं के सड़क पर आने से हादसों की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने निराश्रित पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था किए जाने की जरूरत जताई है।