ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार चार छात्र घायल

टेन न्यूज़ !! १० अक्टूबर २०२६ !! मुनीश चन्द्र शर्मा
फतेहगंज पूर्वी/बरेली । निबाड़िया रोड पर शुक्रवार दोपहर मढ़ी के पास स्कूल से लौट रहे बाइक सवार चार छात्र ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्रों को सड़क पर गिरा देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार, निबाड़िया रोड पर मढ़ी के पास वेल्डिंग का सामान लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूल से लौट रहे बाइक सवार छात्रों को टक्कर मार दी। हादसे में अंकित (20) पुत्र राजेंद्र, सनी (15) पुत्र राजपाल, सिद्धू (5) पुत्र सुनील और नितिन पुत्र बृजपाल घायल हो गए। टक्कर लगने से छात्र सड़क पर गिर पड़े और उन्हें चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और उसके चालक को घेर लिया। ग्रामीणों ने मामले में कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल घायलों की स्थिति और पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।