औरैया में तीन दर्दनाक हादसे, करंट से युवक की मौत, नदी में मिला मजदूर का शव, टैंकर की टक्कर से युवक ने तोड़ा दम

टेन न्यूज़ !! ११ अक्टूबर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। जिले में अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत से संबंधित परिवारों में मातम छा गया। अयाना थाना क्षेत्र में खेत की रखवाली करने गए युवक की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि फफूंद क्षेत्र में दो दिन से लापता मजदूर का शव सेंगर नदी में मिला। वहीं, बेला-कानपुर मार्ग पर टैंकर की टक्कर से घायल बाइक सवार युवक ने कानपुर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
खेत में करंट लगने से युवक की मौत
अयाना थाना क्षेत्र के सेंगनपुर गांव निवासी राजू दुबे का 30 वर्षीय पुत्र लल्लू रोजाना की तरह खेत में फसल की रखवाली करने गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने सुबह उसकी तलाश शुरू की। खेत में उसका शव पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि फसल की सुरक्षा के लिए लगाई गई झटका मशीन के करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हुई। लल्लू अपने पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
सेंगर नदी में मिला लापता मजदूर का शव
फफूंद थाना क्षेत्र के जुआ गांव निवासी 30 वर्षीय प्रेमानन्द पुत्र शंकरलाल गुरुवार सुबह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह उसका शव गांव के पश्चिम स्थित सेंगर नदी में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों और परिजनों ने आशंका जताई कि वह मछली पकड़ने नदी किनारे गया होगा और पानी में गिर गया होगा। थानाध्यक्ष अजय कुमार के मुताबिक, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। मृतक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
टैंकर की टक्कर से घायल युवक की मौत
बेला-कानपुर मार्ग पर पिपरौली शिव गांव के पास टैंकर की टक्कर से घायल 20 वर्षीय मोहन कुमार निवासी टिड़ुआ, याकूबपुर की कानपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह बाइक से बेला से घर लौट रहा था, तभी रसूलाबाद की ओर से आ रहे इंडियन ऑयल के टैंकर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे कानपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मोहन किराना की दुकान चलाकर परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। उसकी मौत से मां सुधा देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।