दिल्ली में फिल्म शूटिंग कैमरामैन की सड़क हादसे में औरैया के युवक की मौत, गांव में शव पहुंचते ही मचा कोहराम

टेन न्यूज़ !! ११ अक्टूबर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। अजीतमल क्षेत्र के ग्राम पहलादपुर निवासी 24 वर्षीय अनुज कुमार की दिल्ली में सड़क हादसे में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार शाम उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। युवक की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, पहलादपुर निवासी विनोद कुमार के पुत्र अनुज कुमार दिल्ली में फिल्म शूटिंग के दौरान कैमरामैन का काम करते थे। करीब आठ दिन पहले दिल्ली में हुए सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा था। परिजनों को उम्मीद थी कि अनुज स्वस्थ होकर घर लौट आएंगे, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
शुक्रवार शाम अनुज का पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। इसके बाद परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों की मौजूदगी में गमगीन माहौल के बीच उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
युवक की मौत से गांव में शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने की कामना की।