ग्राम चौपाल लगाकर पुलिस ने ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचाव के लिए किया जागरूक![]()
टेन न्यूज ।। 11अक्टूबर 2026 ।। ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। याकूबपुर कस्बे की पुरानी बस्ती में पुलिस की ओर से ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और साइबर अपराधों से बचाव के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति जागरूक किया। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को साइबर ठगों के तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की।
चौपाल में याकूबपुर चौकी इंचार्ज संदीप जादौन और हेड कांस्टेबल सतीश चंद्र ने बताया कि साइबर अपराधी व्हाट्सएप, फेसबुक सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। ठग लोगों से ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम या डेबिट कार्ड का विवरण, पासवर्ड और यूपीआई पिन हासिल करने का प्रयास करते हैं। इन गोपनीय जानकारियों का इस्तेमाल कर लोगों के बैंक खातों से रुपये निकालने या ऑनलाइन ठगी करने की आशंका रहती है।![]()
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध संदेशों पर भरोसा करने और किसी के कहने पर बिना जांच-पड़ताल के पैसे ट्रांसफर करने से बचें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो उसे तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
पुलिस ने ग्रामीणों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान चौकी इंचार्ज संदीप जादौन, हेड कांस्टेबल सतीश चंद्र, पप्पी यादव, कांस्टेबल सीमा, संध्या, ओमकार, अंकित और सौरभ गुर्जर सहित पुलिस टीम मौजूद रही। ग्राम प्रधान सचिन स्वर्णकार, संजय राजपूत गांधी, आनंद अग्निहोत्री, वंशलाल सक्सेना, शैलेंद्र अग्निहोत्री समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी चौपाल में भाग लिया।