• Mon. Oct 12th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कन्नौज में 222 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, राज्यमंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने दिया आशीर्वाद

ByTen News One Desk

Oct 12, 2026
3 Views

कन्नौज में 222 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, राज्यमंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने दिया आशीर्वाद


मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत डीएन इंटर कॉलेज तिर्वा में हुआ आयोजन, प्रति जोड़ा एक लाख रुपये की व्यवस्था


टेन न्यूज़ ।। 12 अक्टूबर 2026 ।। जयपाल सिंह सेंगर, संवाददाता तिर्वा

कन्नौज। तिर्वा स्थित डीएन इंटर कॉलेज में समाज कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा विभाग के राज्यमंत्री कैलाश सिंह राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में कुल 222 जोड़ों का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। इनमें 213 हिंदू और नौ मुस्लिम जोड़े शामिल रहे।

राज्यमंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा है। इसके माध्यम से बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराने में सहायता मिलती है। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव को भी मजबूत करते हैं।

जिला समाज कल्याण अधिकारी वेद प्रकाश मिश्रा ने बताया कि योजना के तहत प्रति जोड़ा एक लाख रुपये की व्यवस्था है। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में भेजे जाते हैं, 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री दी जाती है, जबकि 15 हजार रुपये समारोह की व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं। उपहार सामग्री में वस्त्र, बर्तन, प्रेशर कुकर, ट्रॉली बैग, कूलर और अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास, जनप्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी तथा नवविवाहित जोड़ों के परिजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!