दुकानों पर घरेलू गैस सिलिंडर के इस्तेमाल पर प्रशासन सख्त, प्रतिष्ठानों पर हुई छापेमारी

टेन न्यूज़ !! १४ अक्टूबर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया जनपद के मुरादगंज स्थित शिव शंभू स्वीट हाउस में 13 सितंबर को हुए गैस सिलेंडर ब्लास्ट में दो युवकों की मौत के बाद प्रशासन हरकत में आया। घरेलू गैस सिलिंडरों के व्यावसायिक उपयोग की शिकायतों को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। होटल , स्वीट्स हाउस, ठेलों, खोमचों और विभिन्न प्रतिष्ठानों पर घरेलू गैस सिलिंडर का इस्तेमाल पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
पूर्ति निरीक्षक समीर कुमार त्रिवेदी, पूर्ति लिपिक रोहित मौर्य ने अजीतमल क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों पर घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग करने वाले दुकानदारों से करीब दो दर्जन से अधिक गैस सिलेंडरों को जप्त कर गोदाम पर जमा कराया गया है, पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि घरेलू सिलेंडर को प्रतिष्ठानों पर चलाने बालों को नोटिस दिया जाएगा। तथा संचालकों को घरेलू गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक उपयोग न करने की सख्त हिदायत भी दी गई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक कार्यों में इस्तेमाल नियमों के विरुद्ध है। ठेलों, खोमचों, दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर घरेलू सिलिंडर का प्रयोग पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, और
सिलेंडर रिफिलिंग करने वाले दुकानदारों और घरों से रिफिलिंग करके दुकानों पर चलाने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस सख्ती से व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलिंडरों के इस्तेमाल पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने संचालकों से नियमों का पालन करने और घरेलू गैस सिलिंडरों का दुरुपयोग न करने की अपील की है।