आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम

दो बेटों के सिर से उठा पिता का साया, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
टेन न्यूज़ !! १४ अक्टूबर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फूलपुर में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर खेत के पास आम के पेड़ पर एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों ने शव की पहचान गांव निवासी प्रमोद दोहरे (35) पुत्र राम सिंह के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटवाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, प्रमोद दोहरे शटरिंग लगाने का काम करता था। परिवार में पत्नी संगीता और दो बेटे शिवा (13) व देव (10) हैं। सोमवार रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। मंगलवार सुबह ग्रामीण जब खेतों की ओर गए, तो उन्होंने जंग बहादुर मिश्रा के खेत के पास आम के पेड़ पर एक युवक का शव लटका देखा। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर अनंतराम चौकी प्रभारी योगेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से जानकारी ली। परिजनों के अनुसार, प्रमोद रात में कब घर से निकला, इसकी उन्हें जानकारी नहीं हो सकी। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए।
प्रमोद तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी मौत से मां सियादेवी और पिता राम सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी और दोनों बच्चों का विलाप देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। ग्रामीणों के अनुसार, प्रमोद को शराब पीने की आदत थी और इसको लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था। हालांकि, घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।