• Sat. Oct 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

धान खरीद में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, तीसरी बार गैरहाजिरी पर निलंबन

ByTen News One Desk

Oct 17, 2026
4 Views

धान खरीद में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, तीसरी बार गैरहाजिरी पर निलंबन


शाहजहांपुर में डीएम सख्त, भ्रष्टाचार मिलने पर एफआईआर और किसानों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन जल्द


टेन न्यूज़ ।। 17 अक्टूबर 2026 ।। डेस्क न्यूज

शाहजहांपुर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीद की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्धारित मानकों के अनुसार पारदर्शी खरीद सुनिश्चित करने और लापरवाही से बचने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी केंद्र प्रभारी सुबह 9 से 10 बजे के बीच ई-पॉप (e-PoP) मशीन से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराएं। पहली बार अनुपस्थित मिलने पर चेतावनी, दूसरी बार नोटिस और तीसरी बार गैरहाजिर पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई होगी। अनुपस्थित केंद्र प्रभारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। आगामी तीन दिनों के अवकाश में सभी केंद्रों की व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा गया।

भ्रष्टाचार पर होगी एफआईआर

डीएम ने स्पष्ट किया कि धान खरीद में भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी या अवैध लेनदेन बर्दाश्त नहीं होगा। अनियमितता मिलने पर एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई के साथ संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। किसानों की शिकायतों के समाधान के लिए कलेक्ट्रेट स्तर से जल्द हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा।

क्रय केंद्रों पर अस्थायी बैनर के स्थान पर स्थायी वॉल पेंटिंग कराने तथा टोल-फ्री नंबर और खरीद संबंधी जानकारी स्पष्ट रूप से लिखवाने के निर्देश दिए गए।

बारिश से बचाव के पुख्ता इंतजाम

मौसम की खराबी और बारिश की आशंका को देखते हुए केंद्रों पर तिरपाल, जल निकासी और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। लापरवाही से धान भीगने पर संबंधित जिम्मेदारों की जवाबदेही तय होगी। किसानों से सौम्य व्यवहार करते हुए वास्तविक किसानों की उपज खरीदी जाए। मानक के अनुरूप धान लाने के लिए किसानों को जागरूक करने और असहमति की स्थिति में नियमानुसार रिजेक्शन रजिस्टर में विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एडीएम रजनीश कुमार मिश्र, डिप्टी आरएमओ राकेश मोहन पाण्डेय, गणेश गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी और क्रय केंद्र प्रभारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!