मिशन शक्ति फेज-6.0: सुलह से फिर खुशहाल हुए 450 से अधिक परिवार, एसपी ने किया सम्मानित![]()
टेन न्यूज ।। 17 अक्टूबर 2026 ।। प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत कन्नौज पुलिस के परिवार परामर्श केन्द्र ने पारिवारिक विवादों को सुलझाकर बिखरते रिश्तों को जोड़ने की सराहनीय पहल की है। शुक्रवार, 16 अक्टूबर को महिला थाना कन्नौज में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों का समाधान कर खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहे परिवारों को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया।![]()
कार्यक्रम के दौरान एसपी विनोद कुमार ने सम्मानित परिवारों से सीधे संवाद कर सुलह-समझौते के बाद उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली। परिवारों ने अपने अनुभव साझा करते हुए आपसी सहमति से विवाद सुलझने के बाद पारिवारिक जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के बारे में बताया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सुखी परिवार की नींव आपसी संवाद, विश्वास, समझदारी और सहयोग पर टिकी होती है। उन्होंने परिवारों को आपसी सामंजस्य बनाए रखने तथा छोटी-छोटी बातों को बातचीत के माध्यम से सुलझाने के लिए प्रेरित किया।![]()
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के साथ परिवारों को टूटने से बचाना भी मिशन शक्ति अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। इसी दिशा में परिवार परामर्श केन्द्र और मिशन शक्ति केन्द्र के माध्यम से पारिवारिक विवादों का संवेदनशीलता के साथ समाधान कराया जा रहा है।
जनवरी 2026 से अब तक 450 से अधिक परिवारों में सुलह-समझौता कराया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, ये परिवार वर्तमान में खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहे हैं। यह पहल न केवल रिश्तों को मजबूत बनाने में सहायक है, बल्कि समाज में आपसी सद्भाव और सकारात्मक वातावरण को भी बढ़ावा दे रही है।![]()
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, क्षेत्राधिकारी लाइन शिल्पा वर्मा, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कन्नौज पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के साथ पारिवारिक विवादों का प्रभावी, संवेदनशील और सौहार्दपूर्ण समाधान कराना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।