औरैया में उधार के रुपये मांगने पर मारपीट, जबरन पेशाब पिलाने का आरोप; युवक की मौत![]()
टेन न्यूज़।। 18 अक्टूबर 2026 ।। ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। थाना अयाना क्षेत्र में उधार दिए रुपये वापस मांगने पर एक युवक के साथ मारपीट और जबरन पेशाब पिलाने का आरोप लगा है। प्रताड़ना से आहत युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। कानपुर के अस्पताल में उपचार के दौरान 11 सितंबर को उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कटघरा गांव निवासी विजय लक्ष्मी के अनुसार, राहुल कुमार और अजान सिंह ने उनके पति दिनेश कुमार से 40 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर 27 अगस्त को दोनों दिनेश को अयाना ले गए, जहां उनके साथ मारपीट और अभद्रता की गई। पत्नी ने आरोप लगाया कि इस दौरान दिनेश को जबरन पेशाब पिलाया गया और बदनाम करने की धमकी भी दी गई।
घटना से आहत होकर दिनेश ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें चिचौली जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर स्थिति में कानपुर रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल ने बताया कि पत्नी की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।