• Wed. Oct 21st, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

शाहजहांपुर पुलिस लाइन में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

ByTen News One Desk

Oct 21, 2026
3 Views

शाहजहांपुर पुलिस लाइन में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि


एसपी सौरभ दीक्षित ने परेड की सलामी ली, वीर पुलिसकर्मियों के बलिदान को किया नमन


टेन न्यूज़ !! २१ अक्टूबर २०२६ !! डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर। रिजर्व पुलिस लाइन में बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को पुलिस स्मृति दिवस-2026 के अवसर पर पुलिस स्मृति परेड एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने परेड की सलामी ग्रहण की। इसके बाद कर्तव्यपालन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया गया। उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीदों की स्मृति में पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान शहीदों के सम्मान में सलामी एवं शोक प्रदर्शन किया गया तथा लास्ट पोस्ट का वादन किया गया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने देश की आंतरिक सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के बलिदान को याद किया।

पुलिस स्मृति दिवस पुलिस बल के उन वीर जवानों के अदम्य साहस, अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है, जिन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। यह दिवस पुलिसकर्मियों को जनसेवा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम के अंत में शहीद पुलिसकर्मियों के आदर्शों पर चलने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!