खुदागंज पुलिस ने पंचायत घर चोरी का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

एक अपचारी किशोर भी पकड़ा, इन्वर्टर और दो बैटरियां बरामद
टेन न्यूज़! ! २१ अक्टूबर २०२६ !! पप्पू अंसारी, कटरा
शाहजहांपुर। थाना खुदागंज पुलिस ने पंचायत घर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों और एक अपचारी किशोर को पकड़ा है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का एक इन्वर्टर और दो बैटरियां बरामद की हैं। मामले में पुलिस ने आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 को पंचायत घर का ताला तोड़कर सामान चोरी किए जाने की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम कोटा खेतल जाने वाले रास्ते से दो आरोपियों और एक अपचारी किशोर को हिरासत में लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अवधेश पुत्र मटूर और शिवम पुत्र राजवीर सिंह, निवासी ग्राम चरखीला, थाना खुदागंज के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में चोरी किए गए कंप्यूटर मॉनिटर और की-बोर्ड को एक कबाड़ी के हाथ बेचने की बात सामने आई है।
पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर संबंधित मामले में आवश्यक धाराएं बढ़ाते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक श्रीकांत, कांस्टेबल लक्ष्मण राघवक, विकास गौतम और गगन बालियान शामिल रहे। खुदागंज पुलिस की इस कार्रवाई से पंचायत घर में हुई चोरी की घटना के खुलासे में सफलता मिली है।