कबरई बांध से प्रभावित किसानों का महोबा कलेक्ट्रेट में धरना, मुआवजे की मांग उठाई ![]()
टेन न्यूज़ ।। 25 अक्टूबर 2026 ।। राहुल विश्वकर्मा ब्यूरो
महोबा। कबरई बांध से प्रभावित गंज गांव के दर्जनों किसानों ने जिलाध्यक्ष जनक सिंह परिहार के नेतृत्व में महोबा कलेक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन कर अपनी समस्याएं उठाईं। किसानों ने मुआवजा नहीं मिलने और वर्षों से परेशान किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की मांग की।
किसानों के अनुसार, वर्ष 2009 में अर्जुन सहायक परियोजना के तहत कबरई बांध के उच्चीकरण के दौरान गंज गांव की लगभग 80 प्रतिशत कृषि भूमि और 60 प्रतिशत आबादी को डूब क्षेत्र में शामिल किया गया था। उस समय गांव में नया निर्माण प्रतिबंधित करने संबंधी बोर्ड भी लगाया गया था। किसानों का आरोप है कि कृषि भूमि के मुआवजे में भी कुछ खाताधारक छूट गए, जबकि उनकी जमीन आज भी डूब क्षेत्र में है। प्रभावित किसान खेती नहीं कर पा रहे हैं और आबादी का मुआवजा भी नहीं मिला है।![]()
किसानों ने विभागीय अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। उपजिलाधिकारी सदर के आश्वासन के बाद धरना स्थगित कर जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा गया। अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी देने का आश्वासन मिला।