अजीतमल में आम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जेब में मिला सुसाइड नोट

नोएडा में फायर ब्रिगेड की गाड़ी चलाता था मृतक, प्रेम प्रसंग के एंगल से भी जांच; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
टेन न्यूज़ !! २६ अक्टूबर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह आम के पेड़ से एक युवक का शव लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव हालेपुर-बिरुहूनी मार्ग पर ग्राम हालेपुर से करीब 200 मीटर दूर गंगाराम पुत्र खियाली राम के खेत में मिला। युवक की जेब से सुसाइड नोट और मोबाइल फोन बरामद होने के बाद पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं, प्रेम प्रसंग को लेकर भी आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
मृतक की पहचान बिलावा निवासी बृजेश पाल (35) पुत्र शिवप्रकाश के रूप में हुई है। बताया गया कि बृजेश नोएडा में निजी फायर ब्रिगेड की गाड़ी चलाता था। वह 18 अक्टूबर को छुट्टी लेकर घर आया था। रविवार शाम करीब आठ बजे वह घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा।
सोमवार सुबह हालेपुर निवासी राजीव पाल खेत की ओर गए तो उन्होंने आम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका शव देखा। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार, क्षेत्राधिकारी शैलेन्द्र कुमार, क्राइम इंस्पेक्टर रामचंद्र और अटसू चौकी प्रभारी अभय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के कानों में ईयरबड लगे थे। उसकी जेब से सुसाइड नोट और मोबाइल फोन मिला, जबकि पास में उसकी बाइक खड़ी थी। बताया गया कि घटना से पहले उसने व्हाट्सएप के जरिए एक युवक को लड़की की तस्वीर और कागज पर लिखा मोबाइल नंबर भेजा था। इस तथ्य के आधार पर प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि होना अभी बाकी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पिता शिवप्रकाश, मां कुशमा देवी और भाई अवधेश का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।