डीएम और एसपी ने किया जिला कारागार का औचक निरीक्षण![]()
बैरकों और बंदियों की स्वास्थ्य सेवाओं की जांच, प्रतिबंधित सामग्री पर सख्ती के निर्देश
टेन न्यूज ।। 31 अक्टूबर 2026 ।। प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने शनिवार को जिला कारागार कन्नौज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल की सभी बैरकों, बंदियों की स्थिति और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का गहनता से जायजा लिया।![]()
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक ने अधिकारियों को बताया कि उनके तथा जेल स्टाफ द्वारा नियमित रूप से कारागार की चेकिंग की जाती है। अधिकारियों के निरीक्षण में जेल की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कारागार के अंदर किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित सामग्री न पहुंचने पाए। इसके लिए नियमित जांच और निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही जेल में आने वाले नए बंदियों का जेल चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि कारागार का नियमित निरीक्षण करते रहें और निरुद्ध बंदियों की गतिविधियों पर विशेष सतर्कता बरतें। उन्होंने आवश्यकतानुसार समय-समय पर बंदियों की गतिविधियों के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
औचक निरीक्षण का उद्देश्य कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को उपलब्ध सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लेना रहा।