ट्रैक्टर से गिरकर पहिए के नीचे दबा पांच वर्षीय मासूम, मौत![]()
टेन न्यूज ।। 31 अक्टूबर 2026 ।। ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के हजारीपुर गांव में खेतों में खाद डालने जा रहे परिवार के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर के मडगार्ड पर बैठा पांच वर्षीय मासूम अचानक नीचे गिर पड़ा और पहिए के नीचे दब गया। परिजन उसे तत्काल सीएचसी अजीतमल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, हजारीपुर निवासी किसान ध्रुव सिंह खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। गांव के शिवराज सिंह के ट्रैक्टर को बुद्ध सिंह का पुत्र पंकज चला रहा था। ट्रैक्टर खेतों में घूरे की खाद डालने जा रहा था। ध्रुव सिंह भी ट्रैक्टर पर दूसरी ओर बैठे थे, जबकि उनका पांच वर्षीय इकलौता बेटा आर्यन मडगार्ड पर बैठा हुआ था।
रास्ते में ढलान पर चालक ने ब्रेक लगाया, तभी आर्यन संतुलन खोकर नीचे गिर पड़ा। इससे पहले कि ट्रैक्टर रोका जाता, उसका पहिया मासूम के ऊपर से निकल गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल आर्यन को परिजन तत्काल सीएचसी अजीतमल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
आर्यन अपने पिता ध्रुव सिंह और मां खुशबू का इकलौता बेटा था। उसकी तीन वर्षीय छोटी बहन भी है। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां खुशबू का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जबकि पिता ध्रुव सिंह गहरे सदमे में हैं। मासूम की छोटी बहन भी परिजनों को रोता देखकर बेहाल हो उठी। इस हृदयविदारक घटना से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।