• Sat. Oct 31st, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कन्नौज में दीपावली से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, दो दुकानों से मिठाइयों के नमूने लिए

ByTen News One Desk

Oct 31, 2026
1 Views

कन्नौज में दीपावली से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, दो दुकानों से मिठाइयों के नमूने लिए


कन्नौज में 25 खाद्य कारोबारियों को किया जागरूक, मिठाइयों पर निर्माण और उपभोग तिथि अंकित करने के निर्देश


टेन न्यूज ।। 31 अक्टूबर 2026 ।। प्रभाष चन्द्र ब्यूरो

कन्नौज। दीपावली पर्व पर लोगों को शुद्ध, ताजा और गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां उपलब्ध कराने तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को तिर्वा तहसील क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान दो मिठाई प्रतिष्ठानों से लड्डुओं के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देशों तथा जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के आदेश और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) देवेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रवर्तन दल ने बीकानेर स्वीट्स एंड फास्ट फूड कॉर्नर, फगुआ भट्ठा से बेसन के लड्डू तथा प्रदीप मिष्ठान भंडार, ठठिया बाजार से बूंदी के लड्डू का नमूना संग्रहित किया।

25 खाद्य कारोबारियों को दिए गए निर्देश

निरीक्षण के दौरान फगुआ भट्ठा में पांच और तिर्वा नगर पालिका क्षेत्र में 10 मिठाई विक्रेताओं को बिक्री के लिए प्रदर्शित मिठाइयों पर विनिर्माण तिथि और उपभोग की अंतिम तिथि अंकित करने के संबंध में जागरूक किया गया। वहीं, ठठिया बाजार में लगभग 12 मिठाई विक्रेताओं सहित कुल 25 खाद्य कारोबारियों के साथ बैठक कर खाद्य सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई। कारोबारियों को मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री न करने और निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी विधिक कार्रवाई

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों और आमजन को रंगीन, मिलावटी एवं दूषित खाद्य पदार्थों के हानिकारक प्रभावों के बारे में जानकारी दी। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट की पहचान से संबंधित स्थानीय परीक्षण विधियों के प्रति जागरूक किया।

विभाग के अनुसार, संग्रहित दोनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण, वितरण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!