कन्नौज में यातायात माह का शुभारंभ, एसपी विनोद कुमार ने दिखाई हरी झंडी

हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल पर दिया जोर, यमराज के रूप में कलाकार ने लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया
टेन न्यूज़ !! ०१ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज
कन्नौज। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कोतवाली कन्नौज क्षेत्र के तिर्वा क्रॉसिंग पर यातायात माह के शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने यातायात प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर सुरक्षित सफर करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और कई अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सकता है।
एसपी ने छात्र-छात्राओं से विशेष रूप से अपील की कि वे अपने घर जाकर परिजनों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने, तेज रफ्तार से वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और शराब पीकर वाहन न चलाने की हिदायत दी।
पूरे माह चलेगा यातायात जागरूकता अभियान
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यातायात माह के दौरान पूरे जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अभियान चलाकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान भी चलाए जाएंगे, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
यमराज के रूप में कलाकार ने दिया संदेश
कार्यक्रम में जागरूकता की विशेष प्रस्तुति भी दी गई। एक कलाकार यमराज के रूप में उपस्थित हुआ और उसने लोगों को यातायात नियमों की अनदेखी के गंभीर परिणामों के प्रति सचेत किया। प्रस्तुति के माध्यम से बताया गया कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है। लोगों को समझाया गया कि थोड़ी सी लापरवाही जिंदगी पर भारी पड़ सकती है, इसलिए सुरक्षा नियमों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
पुलिस अधिकारी और एनसीसी कैडेट रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर सुरेश कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात शिल्पा वर्मा, यातायात प्रभारी कन्नौज, एनसीसी कैडेट सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा के संदेश के साथ यातायात माह की शुरुआत की गई।
