• Sun. Nov 1st, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कन्नौज में मेगा विधिक सहायता शिविर, 129 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

ByTen News One Desk

Nov 1, 2026
3 Views

कन्नौज में मेगा विधिक सहायता शिविर, 129 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ


अटल स्मृति पार्क में जनपद न्यायाधीश, डीएम और एसपी ने किया शुभारंभ, पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर दिया जोर


टेन न्यूज़ !! ०१ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज

कन्नौज। आमजन को विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अटल स्मृति पार्क में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश नरेंद्र कुमार झा, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत कुल 129 लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति-पत्र, डेमो चेक और अन्य लाभ प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में अपर जिला जज प्रथम रवींद्र कुमार द्विवेदी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पौमेला श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चंद्रा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक विजय कुमार मिश्रा और जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामेंद्र त्रिवेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

एक ही परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉल

शिविर में उद्यान, श्रम, उद्योग, ग्राम्य विकास, पिछड़ा वर्ग कल्याण, समाज कल्याण, कृषि, मत्स्य, बैंकिंग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, नेडा, बेसिक शिक्षा, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, जिला कार्यक्रम, आपूर्ति, पशु चिकित्सा, दुग्धशाला और प्रोबेशन सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। इनके माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं, पात्रता और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई।

विभागीय विवरण के अनुसार, कई विभागों ने पांच-पांच लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया। खादी एवं ग्रामोद्योग तथा पंचायती राज विभाग ने चार-चार लाभार्थियों को लाभ दिया, जबकि जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के माध्यम से 10 और चिकित्सा विभाग के माध्यम से 15 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

संविधान और विधिक अधिकारों के प्रति किया जागरूक

जनपद न्यायाधीश नरेंद्र कुमार झा ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान का मूल उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को न्याय, समानता और गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार सुनिश्चित करना है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं विशेष रूप से समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए संचालित की जाती हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य आमजन को उनके अधिकारों, विधिक सहायता और सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है, ताकि जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।

जनपद न्यायाधीश ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे शिविर में प्राप्त जानकारी को अपने तक सीमित न रखें, बल्कि आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। उन्होंने बताया कि किसी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजना का लाभ प्राप्त करने में कठिनाई होने पर वह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव को प्रार्थना-पत्र देकर अपनी समस्या बता सकता है। ऐसे मामलों में आवश्यक कार्रवाई के माध्यम से पात्र व्यक्ति को लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता: डीएम

जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के समन्वय से जनसामान्य को शासन की योजनाओं, नियमों, कानूनों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को बिना अनावश्यक परेशानी के योजनाओं का लाभ मिले।

उन्होंने कहा कि एक ही परिसर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाने से लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक स्थान पर जानकारी प्राप्त करने और संबंधित विभागों से संपर्क करने की सुविधा मिलती है। उन्होंने लोगों से शिविर में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने तथा अपने आसपास के पात्र व्यक्तियों को भी जागरूक करने की अपील की।

विभागीय योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश

जनपद न्यायाधीश ने विभागाध्यक्षों से अपनी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने और पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया। अपर जिला जज प्रथम रवींद्र कुमार द्विवेदी और अपर जिलाधिकारी न्यायिक विजय कुमार मिश्रा ने भी विधिक जागरूकता, न्यायिक सहायता और सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने में ऐसे शिविरों को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम के दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से विधिक सहायता और जनगणना से संबंधित जागरूकता वीडियो भी दिखाए गए। जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं लाभ वितरण की व्यवस्था का जायजा लिया।

कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पौमेला श्रीवास्तव ने अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित जनसामान्य के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!