कन्या गुरुकुल महोत्सव में राष्ट्र रक्षा सम्मेलन, एकजुटता का आह्वान

टेन न्यूज़ !! ०२ नवम्बर २०२६ !! अमुक सक्सेना
तिलहर (शाहजहांपुर)। श्री कन्या गुरुकुल रुद्रपुर के महोत्सव के प्रथम दिवस रविवार को राष्ट्र रक्षा सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न मत-मतांतरों पर विद्वानों ने चर्चा कर अपने विचार रखे। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।
प्रयागराज से आए आर्य विद्वान राजेंद्र कपूर ने राष्ट्र रक्षा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में देश अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। आतंकवाद, अलगाववाद और विदेशी ताकतों की चुनौतियों के बीच राष्ट्र की एकता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी को एकजुट होकर देश की मजबूती के लिए कार्य करना चाहिए। आर्य समाज ने देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान दिया और आज भी राष्ट्र रक्षा के लिए संकल्पित है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रीय एकता बनाए रखने का आह्वान किया।
दोपहर में आयोजित सत्र में विभिन्न मत-मतांतरों पर विद्वानों ने अपने विचार व्यक्त किए। मुंबई से आए उत्पल वापी ने संगीत के माध्यम से भक्ति रस की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। वहीं, बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी।
गुरुकुल संचालक अनुभव आर्य ने विद्वानों का आभार व्यक्त किया। प्रधानाचार्या अंजली आर्य ने भी सभी अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। अनुभव आर्य ने बताया कि सोमवार को सम्मेलन में शास्त्रार्थ आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न विषयों पर उठने वाली शंकाओं का समाधान किया जाएगा