सुलतानपुर में पुलिस मुठभेड़, राजस्व टीम पर हमले के दो वांछित आरोपी गिरफ्तार

संदीप सिंह और प्रशांत सिंह गोली लगने से घायल, दो तमंचे, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की थार बरामद
टेन न्यूज़ !! ०४ नवम्बर २०२६ !! राकेश सिंह ,सुलतानपुर
सुलतानपुर। खनन और राजस्व टीम पर हमले के मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। अखंडनगर थाना क्षेत्र में पुलिस और वांछित आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें संदीप सिंह और प्रशांत सिंह गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी कोतवाली नगर क्षेत्र में राजस्व टीम पर हुए हमले के मामले में वांछित थे। कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से दो देशी तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस तथा घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की काली थार बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, अमिलिया कला निवासी संदीप सिंह के खिलाफ हत्या, गैंगस्टर एक्ट, धमकी और खान एवं खनिज अधिनियम सहित विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, प्रशांत सिंह भी राजस्व टीम पर हमले से संबंधित मामले में वांछित बताया गया है।
राजस्व टीम पर हमले के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। अखंडनगर थाना क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ और गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कार्रवाई तेज होने की संभावना है।
पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्यों और बरामदगी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी और आरोपियों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी