जन्म प्रमाण पत्र की समस्या पर बहुजन क्रांति पार्टी ने उठाई आवाज

राष्ट्रीय अध्यक्ष रंजीत सिंह ने डीएम के सहायक को सौंपा ज्ञापन, लंबित आवेदनों के निस्तारण की मांग
टेन न्यूज़ !! ०४ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,कन्नौज यूपी
कन्नौज, उत्तर प्रदेश। जनपद में जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही समस्याओं को लेकर बहुजन क्रांति पार्टी ने आवाज उठाई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रंजीत सिंह ने जिलाधिकारी के सहायक को ज्ञापन सौंपकर लंबित आवेदनों का निस्तारण कराने और आम लोगों को राहत दिलाने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि 1 अक्टूबर 2026 से पहले के जन्म पंजीकरण से संबंधित कई आवेदन विकासखंडों और नगर निकायों में लंबित पड़े हैं। आरोप है कि दो वर्ष से अधिक पुराने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए जाने पर रोक के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।![]()
राष्ट्रीय अध्यक्ष रंजीत सिंह ने जिला प्रशासन से मांग की कि 1 अक्टूबर 2026 से पूर्व लंबित जन्म पंजीकरण आवेदनों के निस्तारण के लिए संबंधित विकासखंडों और नगर निकायों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि पात्र लोगों को समय पर प्रमाण पत्र मिल सकें।
ज्ञापन में जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण अधिनियम, 1969 की संशोधित व्यवस्था और विलंबित पंजीकरण के तहत प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया का भी उल्लेख किया गया है।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मांग पर क्या कदम उठाता है और लंबित आवेदनों का निस्तारण कब तक हो पाता है।
कन्नौज से प्रभाष चंद्र, जिला ब्यूरो की खास रिपोर्ट।