ट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत, पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
अछल्दा के बैसोली गांव के सामने हादसा, जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस की चपेट में आए दिनेश
टेन न्यूज़ !! ०५ नवम्बर २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो ,औरेया यूपी
औरैया। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर अछल्दा क्षेत्र के बैसोली गांव के सामने रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
जानकारी के अनुसार, बैसोली गांव के सामने रेलवे खंभा संख्या 1117/20 के पास एक व्यक्ति रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहा था। इसी दौरान डाउन लाइन पर कानपुर की ओर जा रही जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को क्रॉसिंग के बीच रोक दिया और स्टेशन मास्टर को सूचना दी। इंजन की जांच के बाद करीब दो मिनट में ट्रेन को रवाना कर दिया गया। मौके पर पहुंचे आरपीएफ कांस्टेबल ने गैंगमैन की मदद से रेलवे ट्रैक साफ कराया।
मृतक की पहचान बैसोली अड्डा निवासी दिनेश पुत्र जगनू के रूप में हुई। बताया गया कि दिनेश कैंसर से पीड़ित था और काफी समय से सैफई अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। उसकी पत्नी का भी काफी समय पहले निधन हो चुका था।
स्टेशन मास्टर की सूचना पर फफूंद जीआरपी मौके पर पहुंची। जीआरपी प्रभारी रामप्रताप सिंह ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दिनेश अपने पीछे चार बेटियां और 13 वर्षीय बेटा रोहित छोड़ गया है। बताया गया कि चारों बेटियों की अभी शादी नहीं हुई है। पहले ही मां को खो चुके बच्चों के सिर से अब पिता का साया भी उठ गया। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल, औरैया।