ग्राम पंचायत में भ्रष्टाचार की जांच की मांग पर अनशन जारी

थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों को समझाकर धरना समाप्त कराने का किया प्रयास, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई पर अड़े प्रदर्शनकारी
टेन न्यूज़ !! ०७ नवम्बर २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो , औरेया यूपी
औरैया। अयाना थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत रोशंगपुर में विकास कार्यों में कथित वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की जांच की मांग को लेकर ग्रामीणों का अनशन चौथे दिन भी जारी रहा। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष संजय कुमार राय ने अनशन कर रहे ग्रामीणों से बातचीत कर आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और अनियमितताओं में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इससे पहले खंड विकास अधिकारी भी अनशन स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार, जिलाधिकारी ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की है, जो पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष संजय कुमार राय ने बताया कि ग्रामीणों को समझाकर धरना समाप्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। अनशन पर बैठे लोगों की सुरक्षा को देखते हुए मौके पर दो सिपाहियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।
वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता विजय करण सिंह राजावत उर्फ टन्नू भैया के नेतृत्व में ग्रामीण जांच पूरी होने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अनशन स्थल पर डटे हुए हैं।
ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल