वसीम चिश्ती की सूफियाना कव्वालियों से गूंजा उर्स का मंच

हजरत हातिम अली शाह मियां का सालाना उर्स शरीफ अकीदत और एहतराम के साथ संपन्न
टेन न्यूज़ !! ०७ नवम्बर २०२६ !! अमुक सक्सेना
तिलहर (शाहजहांपुर)। नगर के मशहूर बुजुर्ग एवं सूफी संत हजरत हाजी हाफिज मोहम्मद हातिम अली शाह मियां का सालाना उर्स शरीफ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों और रूहानी महफिल-ए-समा के साथ अकीदत और एहतराम से संपन्न हो गया। मोहल्ला कच्चा कटरा स्थित दरगाह पर सज्जादानशीन इकबाल हुसैन उर्फ फूल मियां की सरपरस्ती में आयोजित उर्स के अंतिम दिन मुरादाबाद से आए मशहूर कव्वाल वसीम चिश्ती ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से महफिल में समां बांध दिया।
वसीम चिश्ती की दिलकश आवाज और सूफियाना अंदाज ने श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा। उन्होंने अपने कलाम के जरिए अल्लाह की हम्द, रसूले पाक की नात और औलिया-ए-किराम की शान में मनकबत पेश की। उनकी कव्वालियों पर महफिल में मौजूद जायरीन और अकीदतमंद झूम उठे। लोगों ने कव्वालों की हौसला अफजाई करते हुए कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
उर्स में नगर और आसपास के क्षेत्रों के अलावा दूरदराज से भी बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचे। अकीदतमंदों ने दरगाह पर हाजिरी देकर फातिहा पढ़ी और मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे, खुशहाली एवं तरक्की के लिए दुआएं मांगीं। पूरी महफिल के दौरान रूहानियत और अकीदत का माहौल बना रहा।
इस मौके पर कलियर से आए फैसल मियां साबरी, डॉ. असद अहमद कलीमी, डॉ. काशिफ हुसैन, शारिक हुसैन, बिलाल खान, शाहिद चांद साबरी, फरीद साबरी और हाजी ज्योति सहित अनेक लोग मौजूद रहे।