जाजमऊ में कुत्ते का आतंक, कई लोगों को काटा, कुत्ते की मौत![]()
टेन न्यूज ।। 09 नवम्बर 2026 ।। रिपोर्ट राजू यादव
कानपुर। जाजमऊ थाना क्षेत्र के तीन खंभे इलाके में सोमवार को पागल कुत्ते ने जमकर आतंक मचाया। आक्रामक कुत्ते ने कई लोगों पर हमला कर उन्हें काटकर घायल कर दिया। अचानक हुए हमलों से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि सुरेश, 32 वर्ष, समीर कुमार, 16 वर्ष और पांच वर्षीय अली समेत कई लोग कुत्ते के हमले में घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुत्ता पिछले कई दिनों से आक्रामक था और इसकी शिकायत नगर निगम से भी की गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई।
दोपहर करीब दो बजे टेनरी कर्मचारी शैलेश कुमार अपने घर पहुंचे। इसी दौरान पीछे से कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। शैलेश जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद कुत्ते ने उनके मुंह, हाथ और पैरों समेत शरीर के कई हिस्सों में काटकर घायल कर दिया।
शैलेश को बचाने पहुंचे लोगों पर भी कुत्ते ने हमला करने की कोशिश की। इसके बाद लोगों ने अपने बचाव में कुत्ते को पीटकर मार डाला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो का पुलिस ने संज्ञान लिया है। थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा ने बताया कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों ने नगर निगम से आक्रामक आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चलाने की मांग की है।